डिंडौरी(ईन्यूज एमपी)- जिले के करंजिया क्षेत्र से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। 17 जून से लापता पांच वर्षीय मासूम इमरान खान का शव जंगल में क्षत-विक्षत अवस्था में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। शव के अंग अलग-अलग स्थानों पर बिखरे मिले, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, करंजिया थाना क्षेत्र के ग्राम तरेरा निवासी इख्तियार खान का पांच वर्षीय पुत्र इमरान खान 17 जून की सुबह करीब 7 बजे घर से अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद करंजिया थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस और परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे थे। मासूम की तलाश के लिए करंजिया, समनापुर और बजाग थाना पुलिस पिछले पांच दिनों से जंगलों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सर्च अभियान चला रही थी। सोमवार सुबह एक महिला ने जंगल में बच्चे के शव के अंग बिखरे होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कपड़ों के आधार पर शव की पहचान इमरान खान के रूप में की। बताया जा रहा है कि शव के अंग घर से करीब तीन से चार किलोमीटर दूर जंगल में अलग-अलग स्थानों पर मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अशीष खरे मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल और डॉग स्क्वाड टीम को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस हत्या, दुर्घटना और जंगली जानवर के हमले सहित सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। हालांकि परिजन और ग्रामीण इस घटना को हत्या का मामला मान रहे हैं, वहीं पुलिस की प्रारंभिक आशंका जंगली जानवर के हमले की भी है, क्योंकि शव के अंग अलग-अलग स्थानों पर बिखरे मिले हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और भय का माहौल है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।