सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से सीधी पुलिस ने विशेष साप्ताहिक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। 21-22 जून 2026 की दरम्यानी रात जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान 37 फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान के दौरान 11 स्थाई वारंट एवं 26 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने 32 गुंडा बदमाशों एवं 24 निगरानी बदमाशों की भी सघन जांच की। उन्हें कानून व्यवस्था बनाए रखने, आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने तथा शांति भंग करने वाली किसी भी गतिविधि में शामिल न होने की कड़ी चेतावनी दी गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में हत्या, लूट, डकैती, मारपीट, आबकारी एवं अन्य गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए नियमित रूप से विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया जाता है। इस अभियान का उद्देश्य अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। सीधी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और जिले में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए कठोर कार्रवाई की जाती रहेगी।