सेमरिया में संचालक गिरफ्तार, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सेमरिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सेमरिया पुलिस ने स्वास्थ्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम के साथ कार्रवाई करते हुए एक मेडिकल स्टोर से 658 ट्रामाडोल युक्त नशीली गोलियां जब्त की हैं। मामले में मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, तथा एसडीओपी चुरहट के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को 6 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सेमरिया बाजार स्थित एक मेडिकल स्टोर में अवैध रूप से नशीली दवाओं का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर पुलिस, स्वास्थ्य विभाग एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने *शश्रीराम मेडिकल स्टोर पर दबिश दी। जांच के दौरान दुकान संचालक राकेश गुप्ता (35 वर्ष) निवासी कठार, हाल मुकाम सेमरिया के कब्जे से विभिन्न ब्रांड की कुल 658 ट्रामाडोल युक्त गोलियां** बरामद की गईं। जब्त दवाओं की अनुमानित कीमत 9 हजार 724 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी नशीली दवाओं के भंडारण और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद आरोपी के खिलाफ धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट तथा ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स रूल्स, 1945 के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जब्त नशीली दवाएं कहां से लाई गई थीं और इनके अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है। नशे के कारोबार पर पुलिस की सख्ती पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों एवं नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में थाना सेमरिया पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम की भूमिका सराहनीय रही।