enewsmp.com
Home क्राइम 24 घंटे में दूसरी सनसनी: महिला के शव के बाद युवक की हत्या से दहला झुमरिया गांव

24 घंटे में दूसरी सनसनी: महिला के शव के बाद युवक की हत्या से दहला झुमरिया गांव

बहरी/सीधी(ईन्यूज एमपी)- सीधी जिले के बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत झुमरिया में रविवार सुबह जमीन और मकान निर्माण को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद के दौरान एक युवक की कथित रूप से उसके पिता और दो भाइयों द्वारा की गई मारपीट में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान भोला साकेत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि भोला साकेत अपनी हिस्से की जमीन पर मकान निर्माण का कार्य करा रहा था। इसी बात को लेकर उसका अपने पिता विश्वेश्वर साकेत तथा दो भाइयों से लंबे समय से विवाद चल रहा था।

रविवार सुबह करीब 10 बजे एक बार फिर इसी मुद्दे को लेकर परिवार के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान पिता और दोनों भाइयों ने भोला साकेत की डंडों से जमकर पिटाई कर दी। मारपीट में गंभीर रूप से घायल भोला साकेत घर के पास ही बेहोश होकर गिर पड़ा। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही बहरी थाना प्रभारी राजेश पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी तथा उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

24 घंटे में दूसरी बड़ी घटना से दहशत

गौरतलब है कि झुमरिया गांव पिछले 24 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी घटना को लेकर चर्चा में है। एक दिन पूर्व ही गांव में एक अज्ञात महिला का अधजला शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। उस मामले की जांच अभी जारी है, वहीं अब युवक की हत्या की घटना ने ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।

पुलिस दोनों मामलों की गंभीरता से जांच कर रही है और हर पहलू पर बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

Share:

Leave a Comment