सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत झरिया में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक अज्ञात महिला का जला हुआ शव बोरी में बंद अवस्था में मिला। शव मिलने की सूचना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कर पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को जलाया गया है। जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर स्थित झरिया गांव में ग्रामीणों ने एक संदिग्ध बोरी देखी। पास जाकर देखने पर उसमें जला हुआ शव होने की जानकारी मिली। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी भी वरिष्ठ अधिकारियों एवं पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास करीब 200 मीटर के क्षेत्र को सील कर दिया है तथा सुरक्षा घेरा बनाकर आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव किसी महिला का प्रतीत हो रहा है। शव के माथे पर बिंदी के निशान तथा एक हाथ में जली हुई चूड़ी दिखाई दी है। हालांकि मृतका की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। घटनास्थल से एक जली हुई बोरी भी बरामद हुई है, जिसके आधार पर पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलने पर फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र कर रही है, जिससे मामले की सच्चाई सामने आ सके। पुलिस हत्या सहित सभी संभावित एंगल को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों तथा घटनाक्रम का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल अज्ञात महिला की पहचान और घटना के पीछे जिम्मेदार लोगों तक पहुंचने के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदगी की रिपोर्टों का भी मिलान कर रही है। घटना ने पूरे क्षेत्र में भय और चर्चा का माहौल बना दिया है।