रीवा(ईन्यूज एमपी)- महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश पर लोकायुक्त संभाग रीवा की टीम ने गुरुवार को बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए जनजातीय कार्य विभाग सिंगरौली के बाबू को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार आरोपी मुन्नालाल वर्मा, जो सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सिंगरौली कार्यालय में स्थापना प्रभारी बाबू के पद पर पदस्थ है, को शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया गया। लोकायुक्त पुलिस के मुताबिक शिकायतकर्ता श्रवण तिवारी, निवासी नौढिया वीरान थाना जियावन जिला सिंगरौली, एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना देवसर में भृत्य पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने 25 मई 2026 को लोकायुक्त कार्यालय रीवा में शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2024 से 2026 तक की वेतन वृद्धि लगाने और एरियर राशि निकालने के एवज में आरोपी बाबू द्वारा 7 हजार रुपए रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार पाटीदार के निर्देशन में शिकायत का सत्यापन कराया गया। जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में ट्रैप टीम गठित की गई। गुरुवार 29 मई 2026 को लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मुन्नालाल वर्मा को कार्यालय सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सिंगरौली के कक्ष में शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में निरीक्षक एस. राम मरावी, निरीक्षक संदीप भदौरिया सहित 12 सदस्यीय टीम एवं दो स्वतंत्र शासकीय गवाह शामिल रहे। लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो लोकायुक्त रीवा के मोबाइल नंबर 9893607619 पर शिकायत कर सकते हैं।