enewsmp.com
Home क्राइम लोकायुक्त रीवा की दबिश में,गिरफ्तार हुआ तहसील कार्यालय का लिपिक

लोकायुक्त रीवा की दबिश में,गिरफ्तार हुआ तहसील कार्यालय का लिपिक

रीवा (ईन्यूज एमपी)-लोकायुक्त संगठन की रीवा संभागीय टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसील कार्यालय में पदस्थ एक बाबू को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बुधवार 7 मई 2026 को त्योंथर तहसील कार्यालय में की गई।

लोकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता अजय मिश्रा निवासी ग्राम डाढाकला, पोस्ट चंद्रपुर, थाना जनेह, तहसील त्योंथर जिला रीवा ने 4 मई को लोकायुक्त कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि तहसील कार्यालय में पदस्थ बाबू अनिल त्रिपाठी उनके प्रकरण के निराकरण और फैसला पक्ष में करवाने के एवज में 80 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहा था। साथ ही बेदखली कार्रवाई का डर दिखाकर लगातार दबाव बनाया जा रहा था।

शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त रीवा की टीम ने मामले का सत्यापन कराया। जांच के दौरान आरोपी बाबू द्वारा रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश एवं उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई।

बुधवार को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीम ने तहसीलदार कार्यालय त्योंथर वृत्त चाक के कार्यालय कक्ष में जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी बाबू अनिल त्रिपाठी ने शिकायतकर्ता से 9,500 रुपये रिश्वत की राशि ली, लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7(क) के तहत मामला दर्ज किया गया है। टीम द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।इस ट्रैप कार्रवाई का नेतृत्व प्रवीण सिंह परिहार ने किया। टीम में निरीक्षक एस.आर. मरावी सहित 12 सदस्यीय दल एवं स्वतंत्र शासकीय गवाह शामिल रहे।

लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल लोकायुक्त कार्यालय को दें।

Share:

Leave a Comment