सीधी(ईन्यूज एमपी)- सीधी जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में अमिलिया थाना पुलिस ने गांजा की अवैध खेती का खुलासा करते हुए 3.97 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया है, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव तथा एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। मुखबिर सूचना पर हुई कार्रवाई थाना अमिलिया पुलिस को 4 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम हौदाबांध निवासी द्वारिका प्रसाद पटेल अपने घर के पीछे बाड़ी में अवैध रूप से गांजा की खेती कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम स्वतंत्र साक्षियों के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी फरार पुलिस टीम के पहुंचते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने बाड़ी से गांजा के 4 हरे पौधे बरामद किए, जिन्हें उखाड़कर तौलने पर कुल वजन 3 किलो 970 ग्राम पाया गया। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 30,900 रुपये बताई गई है। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। जीरो टॉलरेंस नीति पर सख्ती सीधी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा को और मजबूत किया जा सके।