enewsmp.com
Home क्राइम सीधी:नशे की लत ने बनाया चोर, कोतवाली पुलिस ने 3 बाइक समेत आरोपी को किया गिरफ्तार

सीधी:नशे की लत ने बनाया चोर, कोतवाली पुलिस ने 3 बाइक समेत आरोपी को किया गिरफ्तार

सीधी(ईन्यूज एमपी)-कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक अमन मिश्रा के मार्गदर्शन तथा कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार 18 अप्रैल 2026 को फरियादी रोहित गुप्ता और हुकुमलाल केवट ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17-18 अप्रैल की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने उनकी तीन मोटरसाइकिलें चोरी कर लीं। इनमें होंडा हॉरनेट, हीरो पैशन प्रो और हीरो एनएक्सजी शामिल थीं। मामले में तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बैरीहा निवासी अखिलेश विश्वकर्मा (21) को हिरासत में लिया। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन तकनीकी साक्ष्य सामने आने पर उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए वाहन चोरी करता था। चोरी की गई मोटरसाइकिलों को बेचकर वह नशे के लिए पैसे जुटाता था।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने तीनों चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर ली हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 1 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही है। बरामद वाहनों में होंडा हॉरनेट (एमपी53 एमसी 9621), हीरो पैशन प्रो (एमपी53 एमजे 3657) और हीरो एनएक्सजी (एमपी53 एमडी 3928) शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही इस मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश भी जारी है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय, उप निरीक्षक विवेक द्विवेदी, प्रधान आरक्षक रण बहादुर सिंह, प्रधान आरक्षक सूरज सिंह और आरक्षक अनुराग यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Share:

Leave a Comment