enewsmp.com
Home क्राइम अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर पथराव, आंसू गैस के गोले दागे

अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर पथराव, आंसू गैस के गोले दागे

एसडीएम सहित 5 घायल, 9 नामजद व 50 अज्ञात पर केस दर्ज

सीधी(ईन्यूज एमपी)- सिटी कोतवाली क्षेत्र के डालीबाबा मोहल्ले में शनिवार दोपहर अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर उग्र भीड़ ने पथराव कर दिया। हालात बिगड़ने पर पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए तीन राउंड आंसू गैस के गोले दागने पड़े।

कार्रवाई का नेतृत्व एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया एवं सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह चौहान कर रहे थे। पथराव में एसडीएम, तहसीलदार समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें तीन महिला आरक्षक भी शामिल हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

तहसीलदार सौरभ मिश्रा की शिकायत पर पुलिस ने नौ नामजद एवं 50 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बलवा, शासकीय कार्य में बाधा, अवैध जमावड़ा और हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।

**क्या है मामला**
जानकारी के अनुसार अनीता अरोरा ने शिकायत की थी कि डालीबाबा स्थित उनकी जमीन (आराजी नंबर 105/1, 112/3, 112/4) पर रामलाल दाहिया, ऊषा दाहिया और नौशाद कबाड़ी द्वारा अवैध पक्का निर्माण कर लिया गया है। शिकायत के आधार पर प्रशासनिक टीम पोकलेन और वज्र वाहन के साथ मौके पर पहुंची थी।

कार्रवाई शुरू होते ही मौके पर मौजूद भीड़ उग्र हो गई और पथराव शुरू कर दिया, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हालात पर काबू पाया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share:

Leave a Comment