सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले की कमर्जी थाना पुलिस ने ग्राम पाठ में हुई हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, 4 अप्रैल 2026 की दरमियानी रात ग्राम पाठ में प्रयागराज निवासी राहुल कुमार मौर्या (33) की लकड़ी के डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कमर्जी उप निरीक्षक इंद्राज सिंह ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया, जिसके बाद आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर तंत्र की मदद से घेराबंदी कर आरोपी अंकित कुमार रावत (19), निवासी ग्राम पाठ को कुछ ही घंटों में हिरासत में ले लिया। इस मामले में फरियादी सत्यम मिश्रा की रिपोर्ट पर थाना कमर्जी में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ने संदेह के आधार पर मृतक पर हमला किया था। पुलिस आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी इंद्राज सिंह और उनकी टीम की भूमिका सराहनीय रही।