गुना(ईन्यूज एमपी)- शहर के सोनी कॉलोनी इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक मकान के अंदर बुजुर्ग दंपती के शव मिलने की खबर सामने आई। मृतकों की पहचान दिलीप कुमार गोयल (75) और उनकी पत्नी किरण गोयल के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिलीप कुमार गोयल पेशे से वकील थे, जबकि उनकी पत्नी किरण गोयल रिटायर्ड शिक्षिका थीं। दोनों के बच्चे बाहर रहते हैं। शुक्रवार सुबह बच्चों ने अपने माता-पिता को फोन किया, लेकिन काफी देर तक कॉल रिसीव नहीं हुआ। कॉल का जवाब न मिलने पर बच्चों को चिंता हुई और उन्होंने अपने एक परिचित को घर जाकर देखने के लिए कहा। परिचित जब घर पहुंचे तो उन्होंने पड़ोसियों को भी बुला लिया। इसके बाद जब सभी लोग घर के अंदर गए तो वहां का दृश्य देखकर सन्न रह गए। घर के अंदर दिलीप कुमार गोयल का शव फंदे पर लटका हुआ मिला, जबकि किरण गोयल का शव पलंग पर पड़ा था। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।