सीधी(ईन्यूज एमपी)- नशा मुक्त भारत अभियान के तहत सीधी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय नशा नेटवर्क पर प्रहार किया है। कोतवाली थाना पुलिस ने 443 शीशी अवैध ‘आनरेक्स’ कफ सिरप जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त सिरप की अनुमानित कीमत 88 हजार 600 रुपये बताई गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 अप्रैल की रात थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय को मुखबिर से सूचना मिली कि उत्कृष्ट विद्यालय के पास एक युवक नशीली सिरप बेचने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आशीष सिंह उर्फ राजन गहरवार (26 वर्ष, निवासी पड़रा) को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 28 शीशी नशीली सिरप बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कमला कॉलेज के पीछे स्थित एक ठिकाने पर दबिश दी, जहां से 415 अतिरिक्त शीशी बरामद की गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह नशीली सिरप कहां से लेकर आया था और इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन शामिल हैं। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21, 22 तथा म.प्र. ड्रग कंट्रोल एक्ट की धारा 5/13 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इसमें संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय, उपनिरीक्षक राजमणि वर्मा, प्रधान आरक्षक जितेंद्र सिंह, जयराम सैनी, आरक्षक बालेन्द्र सिंह एवं चालक सुभाष सिंह की अहम भूमिका रही है, जिन्हें पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की गई है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।