सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में झपटमारी की एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए कमर्जी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मऊगंज जिले के एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी कमर्जी उप निरीक्षक इंद्राज सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। घटना 16 जून 2025 की है, जब फरियादी विपिन कुमार विश्वकर्मा अपनी भाभी रंजना विश्वकर्मा के साथ मोटरसाइकिल से प्रतापगंज हनुमना से अपने घर लौट रहे थे। दोपहर करीब 1:30 बजे तुर्रा घाटी, जोगिनी माता मंदिर के आगे, सफेद रंग की अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने चलती गाड़ी से महिला के गले से मंगलसूत्र और मनचली झपट ली और मौके से फरार हो गए थे। इस मामले में थाना कमर्जी में अपराध क्रमांक 209/2025 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने प्रकाश कोल उर्फ बेटू (20 वर्ष), निवासी पथरिया, थाना मऊगंज को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट के हिस्से में मिले 1500 रुपये नगद जब्त किए हैं। आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय चुरहट में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल सीधी भेज दिया गया। पुलिस अब गिरोह के अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक इंद्राज सिंह, प्रधान आरक्षक अमर सिंह परिहार, आरक्षक अनिल सिंह, सोनू यादव, विपिन त्रिपाठी और मुकेश रावत की भूमिका सराहनीय रही।