सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से संतोष कोरी (पुलिस अधीक्षक, सीधी) के निर्देशन में बीती रात विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 106 वारंटियों को गिरफ्तार किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं सभी अनुभागीय अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में एक साथ दबिश दी। कार्रवाई में 54 स्थायी वारंट और 52 गिरफ्तारी वारंट की तामीली की गई। अभियान के तहत 28 गुंडा बदमाशों और 49 निगरानी बदमाशों की जांच कर उन्हें सख्त हिदायत दी गई। साथ ही बस स्टैंड, होटल, ढाबों और अन्य सार्वजनिक स्थलों की सघन चेकिंग की गई। कॉम्बिंग गश्त के दौरान अवैध शराब के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की गई। 20 प्रकरण दर्ज कर करीब 110 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 28 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने रिहायशी इलाकों में पैदल गश्त कर आमजन से संवाद स्थापित किया और सुरक्षा का भरोसा दिलाया। सभी गिरफ्तार आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय में पेश किया गया। एसपी संतोष कोरी ने कहा कि जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखना प्राथमिकता है तथा इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।