enewsmp.com
Home क्राइम महाशिवरात्रि पर कुसमी में सनसनी: तहसील परिसर के पुजारी इन्द्रभान द्विवेदी की हत्या,आरोपी हिरासत...

महाशिवरात्रि पर कुसमी में सनसनी: तहसील परिसर के पुजारी इन्द्रभान द्विवेदी की हत्या,आरोपी हिरासत...

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के वनांचल क्षेत्र कुसमी में महाशिवरात्रि के दिन रविवार सुबह एक हृदयविदारक और सनसनीखेज घटना सामने आई। कुसमी तहसील परिसर स्थित हनुमान मंदिर के पुजारी 75 वर्षीय इन्द्रभान द्विवेदी की धारदार हथियार से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई।

जानकारी के अनुसार, इन्द्रभान द्विवेदी प्रतिदिन की तरह सुबह मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए जा रहे थे। इसी दौरान कुसमी तहसील रोड पर उन पर धारदार हथियार (गड़ासे) से ताबड़तोड़ वार किए गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमला अचानक हुआ और आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी ने वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल पुजारी सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हत्या से कुसमी सहित पूरे जिले में शोक और आक्रोश का माहौल है। सोशल मीडिया पर भी घटना को लेकर तरह-तरह के आरोप-प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हत्या का आरोप 55 वर्षीय लाला केवट पर है। वारदात के बाद आरोपी को भागने का मौका नहीं मिला। ग्रामीणों और पुलिस की सतर्कता से उसे घटनास्थल से ही पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है।

कुसमी थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी ने दूरभाष पर घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इन्द्रभान द्विवेदी लंबे समय से तहसील परिसर स्थित हनुमान मंदिर में सेवा दे रहे थे और धार्मिक व सामाजिक रूप से सम्मानित व्यक्ति थे। हत्या के पीछे के कारणों का फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। आरोपी के असामाजिक तत्वों से जुड़े होने की भी चर्चा है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं—आपसी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद या अन्य कारण—की जांच की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी कुसमी क्षेत्र में तहसीलदार लवलेश मिश्र पर प्राणघातक हमला हो चुका है,और लंबे इलाज के बाद उनकी मौत हो गई थी जिससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे थे।

फिलहाल पुलिस ने क्षेत्र में एहतियातन बल तैनात कर लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। घटना पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Share:

Leave a Comment