enewsmp.com
Home क्राइम अभियान प्रहार 2.0 के तहत 8 किलो से अधिक गांजा जब्त, 4 तस्कर गिरफ्तार

अभियान प्रहार 2.0 के तहत 8 किलो से अधिक गांजा जब्त, 4 तस्कर गिरफ्तार

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान प्रहार 2.0 के तहत सीधी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कार्रवाई में 8 किलो 137 ग्राम अवैध गांजा जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है, जबकि दो अपाची मोटरसाइकिल सहित कुल जप्त संपत्ति की कीमत लगभग 3 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर संचालित अभियान के तहत पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत, पुलिस उप महानिरीक्षक रीवा क्षेत्र हेमंत चौहान तथा पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव और एसडीओपी चुरहट अमन मिश्रा के नेतृत्व में चौकी सिहावल पुलिस ने यह सफलता हासिल की।

पुलिस के अनुसार 12 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार व्यक्ति हिनौती की ओर से गांजा लेकर सिहावल क्षेत्र में बिक्री के लिए आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम बमुरी के पास घेराबंदी कर दोनों मोटरसाइकिलों को रोका। तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से कुल 8 किलो 137 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों में रामा केवट (22), मोती साकेत (28), सत्यम केवट (26) और अभिषेक केवट (24) शामिल हैं। सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 (बी) के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तारी की गई है। गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को दे दी गई है तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी अमिलिया निरीक्षक राकेश बैस, उप निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह, उप निरीक्षक राजमणि अहिरवार, प्रधान आरक्षक रोहित सिंह, आरक्षक विकास चंदेल, अमित मिश्रा एवं राहुल सिंह की विशेष भूमिका रही।

सीधी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के विरुद्ध अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Share:

Leave a Comment