enewsmp.com
Home क्राइम सिंगरौली में दोहरी हत्या से सनसनी, अंधविश्वास या अन्य वजह? जांच जारी

सिंगरौली में दोहरी हत्या से सनसनी, अंधविश्वास या अन्य वजह? जांच जारी

सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- जिले के जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत अतरवा गांव के बैरिहवा टोला में गुरुवार तड़के निर्मम दोहरी हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, एक पुरुष कमलनारायण और एक महिला फूलमती का शव घर के सामने क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा मिला। घटनास्थल के पास मिट्टी का चबूतरा और कई नारियल भी पाए गए, जिससे मामले में अंधविश्वास या टोना-टोटका से जुड़ी आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी छत्रपति सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और फोरेंसिक जांच भी कराई जा रही है।

ग्रामीणों और परिजनों का कहना है कि घटना संभवतः टोना-टोटका और अंधविश्वास से जुड़ी हो सकती है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। मामले की विस्तृत विवेचना की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

निर्मम तरीके से हुई इस दोहरी हत्या से गांव में भय का माहौल व्याप्त है। एहतियातन क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हालात पर नजर रखी जा रही है।

Share:

Leave a Comment