enewsmp.com
Home स्वास्थ्य स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें: उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल

स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें: उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल

भोपाल(ईन्यूज एमपी)-उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक लेते हुए राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधोसंरचना विकास, चिकित्सकीय मैनपावर की उपलब्धता, स्वास्थ्य संस्थानों के उन्नयन और चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की तथा सभी योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने चिकित्सकीय सहायक एवं चिकित्सकीय मैनपावर की नियुक्ति, स्वास्थ्य संस्थानों के उन्नयन और अधोसंरचना से जुड़े प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने रिमोट लोकेशन में स्थित मेडिकल कॉलेजों में शिक्षण स्टाफ की नियुक्ति को प्रोत्साहित करने के लिए अतिरिक्त इंसेंटिव देने के प्रस्ताव को जल्द कैबिनेट अनुमोदन हेतु प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में योग्य शिक्षण स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करना गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा के लिए आवश्यक है।

बैठक में अंतर्विभागीय विषयों पर चर्चा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रक्रियात्मक औपचारिकताओं को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब न हो। सीएम केयर्स योजना के अंतर्गत टर्शरी केयर स्वास्थ्य संस्थानों में अत्याधुनिक उपकरणों की उपलब्धता और आवश्यक मैनपावर की नियुक्ति के प्रस्तावों को भी प्राथमिकता से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए टर्शरी केयर सेवाओं को और अधिक मजबूत किया जाना आवश्यक है।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने दमोह, छतरपुर और बुधनी मेडिकल कॉलेजों के संचालन के लिए आवश्यक शिक्षण स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि आगामी शैक्षणिक सत्र में इन संस्थानों का संचालन सुचारू रूप से शुरू हो सके। बैठक में केंद्रीय बजट के प्रावधानों पर भी विस्तार से चर्चा की गई और उपलब्ध बजटीय संसाधनों के प्रभावी एवं समयबद्ध उपयोग के लिए विभाग को ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा श्री संदीप यादव, आयुक्त श्री धनराजु एस, एमडी एमपीपीएचएससीएल श्री मयंक अग्रवाल, एमडी एनएचएम डॉ. सलोनी सिडाना, संचालक चिकित्सा शिक्षा डॉ. अरुणा कुमार सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment

समान समाचार