शहडोल(ईन्यूज एमपी)- शहडोल जिले की पुलिस लाइन से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। ड्यूटी के दौरान एक कॉन्स्टेबल ने सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 1:25 बजे रक्षित केंद्र की बताई जा रही है। मृतक कॉन्स्टेबल की पहचान शिशिर सिंह राजपूत (29) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसने राइफल से गर्दन के पास फायर किया। घटना से ठीक पहले वह मोबाइल फोन पर किसी से बातचीत कर रहा था। बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद उसने मोबाइल जमीन पर पटक दिया। इसके बाद उसने अपनी सर्विस राइफल से खुद पर गोली चला ली। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास सो रहे अन्य पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और पुलिस लाइन के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। मौके से टूटा हुआ मोबाइल फोन और सर्विस राइफल जब्त की गई है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि घटना के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि कॉल डिटेल और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। शिशिर सिंह राजपूत मूल रूप से जबलपुर का निवासी था। उसके पिता स्वर्गीय शरद सिंह हैं। उसे वर्ष 2013 में अनुकंपा नियुक्ति के तहत बाल आरक्षक के रूप में नियुक्ति मिली थी। वर्ष 2015 में 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने के बाद वह नियमित आरक्षक के पद पर नियुक्त हुआ। वर्तमान में वह शहडोल पुलिस लाइन में पदस्थ था। परिवार में उसकी मां और तीन बहनें हैं। घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है। पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस सूत्रों के अनुसार कॉन्स्टेबल ने दो दिन पहले ही नया मोबाइल फोन खरीदा था। घटना के समय वह उसी मोबाइल से कुर्सी पर बैठकर अलाव तापते हुए किसी से बात कर रहा था। बताया जा रहा है कि गोली लगने के बाद भी उसका शव कुर्सी पर ही उसी अवस्था में था, जैसे वह वहीं सो रहा हो।