रीवा(ईन्यूज एमपी)-रीवा जिले की गुढ़ तहसील कार्यालय में EWS प्रमाण पत्र के सत्यापन के नाम पर रिश्वतखोरी का मामला सामने आया है। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) रीवा की टीम ने सोमवार को तहसील गुढ़ में पदस्थ कंप्यूटर ऑपरेटर भगवानदीन चौरसिया को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। सत्यापन टालकर मांगी जा रही थी रिश्वत प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी गोलूज मणि त्रिपाठी, निवासी ग्राम नरहवा, तहसील गुढ़, जिला रीवा ने EOW रीवा में शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी की बेटी के EWS प्रमाण पत्र के सत्यापन के लिए अक्टूबर 2024 में तहसील कार्यालय गुढ़ में आवेदन किया गया था। आरोप है कि कंप्यूटर ऑपरेटर भगवानदीन चौरसिया सत्यापन की प्रक्रिया को जानबूझकर लंबित रखे हुए था और इसके बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा था। EOW की ट्रैप कार्रवाई, मौके पर गिरफ्तारी शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद EOW रीवा ने योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई की। 19 जनवरी 2026 को फरियादी को तहसील कार्यालय गुढ़ बुलाया गया। जैसे ही आरोपी कंप्यूटर ऑपरेटर ने फरियादी से रिश्वत की राशि ली, EOW की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज आरोपी भगवानदीन चौरसिया के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। EOW टीम द्वारा आरोपी से पूछताछ भी की जा रही है। इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका इस कार्रवाई में निरीक्षक प्रियंका पाठक, निरीक्षक हरीश त्रिपाठी, उप निरीक्षक गरिमा त्रिपाठी, उप निरीक्षक भावना सिंह, उप निरीक्षक रुचिका सूर्यवंशी सहित EOW के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।