enewsmp.com
Home क्राइम जमीनी विवाद में जानवर बना भतीजा, दांतों से काटकर अलग किया चाचा का कान

जमीनी विवाद में जानवर बना भतीजा, दांतों से काटकर अलग किया चाचा का कान

सीधी(ईन्यूज एमपी)-सीधी जिले के ग्राम डोल में रविवार सुबह जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक भतीजे ने अपने ही 78 वर्षीय चाचा पर हमला कर दांतों से उनका कान काट दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना रविवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। घायल बुजुर्ग की पहचान राज बहादुर सिंह (78 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, राज बहादुर सिंह अपने घर के पास झाड़ू लगा रहे थे, तभी उनके छोटे भाई का बेटा तीरथ सिंह मौके पर पहुंचा।

आरोप है कि पुराने जमीनी विवाद को लेकर तीरथ सिंह ने राज बहादुर सिंह से गाली-गलौज शुरू कर दी। जब बुजुर्ग ने उसे ऐसा करने से रोका, तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ गया कि तीरथ सिंह ने दांतों से राज बहादुर सिंह का कान काट लिया, जिससे कान शरीर से अलग हो गया।

घटना में अत्यधिक रक्तस्राव होने से बुजुर्ग की हालत गंभीर हो गई। मौके पर मौजूद उनके बेटे मुन्ना सिंह ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायल को जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया गया।

पट्टे की जमीन पर घर बनाने को लेकर था विवाद

अस्पताल में उपचार के दौरान राज बहादुर सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी पट्टे की जमीन पर घर बनवाया है। इसी जमीन को लेकर भतीजा तीरथ सिंह दावा कर रहा था कि वह जमीन उसके हिस्से की है और इसी कारण वह घर खाली करने का दबाव बना रहा था।

जीरो पर एफआईआर दर्ज

अस्पताल चौकी प्रभारी देवराज सिंह ने बताया कि बुजुर्ग के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया। घायल का इलाज जारी है। मामले में जीरो पर एफआईआर दर्ज कर संबंधित थाने को प्रकरण भेज दिया गया है। आगे की जांच की जा रही है।

Share:

Leave a Comment