सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के सेमरिया कस्बे में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हनुमानगढ़ तिराहे पर स्थित एक कियोस्क बैंक में तीन नकाबपोश बदमाशों ने संचालक पर जानलेवा हमला कर दिया। बाइक से पहुंचे हमलावरों ने अचानक बैंक में घुसकर हॉकी और डंडों से बैंक संचालक विनोद कुमार साकेत को बुरी तरह घायल कर दिया। घटना दोपहर करीब 3 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों आरोपी बाइक खड़ी कर अचानक बैंक के भीतर घुसे और बिना किसी बहस के संचालक पर हमला कर दिया। हमलावरों ने न सिर्फ संचालक के साथ मारपीट की, बल्कि बैंक में रखा लैपटॉप, प्रिंटर और नोट गिनने की मशीन भी तोड़ दी। अचानक हुए इस हमले से बैंक में मौजूद ग्राहकों में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए भगदड़ की स्थिति बन गई। हालांकि, मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए तीनों हमलावरों को घेर लिया और पकड़ लिया। इसके बाद तुरंत सेमरिया थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। हमले में घायल संचालक विनोद कुमार साकेत को प्राथमिक उपचार के बाद सेमरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। संचालक ने बताया कि उनकी किसी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है और यह हमला सुनियोजित प्रतीत होता है। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। थाना प्रभारी सेमरिया केदार परौहा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मारपीट सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया जा रहा है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है, ताकि हमले के पीछे की असली वजह सामने लाई जा सके।