कब्रिस्तान में शवों से छेड़छाड़ करने वाला गिरफ्तार, पहले कर चुका है पत्नियों की हत्या खंडवा। कब्रिस्तान में शवों के साथ छेड़छाड़ करने की घटनाओं से शहर में फैली सनसनी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने 50 वर्षीय अय्युब खान पुत्र ईस्माईल खान निवासी ग्राम मुंदवाड़ा थाना जावर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के बारे में चौंकाने वाला तथ्य यह है कि वह पहले अपनी दो पत्नियों की हत्या कर चुका है। इनमें से एक मामले में वह आजीवन कारावास की सजा काट चुका है और हाल ही में जेल से रिहा हुआ था। अमावस्या को करता था अपराध, हिंदू तांत्रिक पर डालना चाहता था शक** एसपी मनोज कुमार राय ने बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम में प्रेसवार्ता कर जानकारी दी कि आरोपी अय्युब खान कब्र से शव निकालकर उनके साथ छेड़छाड़ करता था। वह इस काम के लिए अमावस्या का दिन चुनता था, ताकि लोगों को भ्रम रहे कि किसी हिंदू तांत्रिक ने तांत्रिक क्रियाओं के लिए ऐसा किया है। तीन घटनाओं का किया खुलासा पुलिस के मुताबिक 19 मई और 21 सितंबर को बड़े कब्रिस्तान थाना कोतवाली क्षेत्र और 17 मई को थाना मोघट रोड के ग्राम सिहाड़ा में आरोपी ने कब्र की मिट्टी और फर्श हटाकर शवों को बाहर निकालकर छेड़छाड़ की थी। इस हरकत से मुस्लिम समुदाय में गहरी नाराजगी थी और कार्रवाई की मांग उठ रही थी। सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से पकड़ा गया घटनाओं के बाद कोतवाली और मोघट रोड पुलिस की टीम सक्रिय हुई। शहर और कब्रिस्तान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी अय्युब खान को गिरफ्तार कर लिया। गांव वाले कहते हैं शैतान पुलिस के अनुसार आरोपी अय्युब खान का आपराधिक रिकॉर्ड लंबा है। वह चोरी और हत्या जैसे गंभीर अपराध कर चुका है। अपनी पत्नियों की हत्या के मामलों के चलते वह जेल की सजा भी काट चुका है। गांव में लोग उसे उसकी करतूतों की वजह से "शैतान" कहकर पुकारते हैं।