enewsmp.com
Home क्राइम रिश्वतखोरी में पकड़े गए डिप्टी रेंजर ने खुद को मारी गोली, सुसाइड नोट में लगाए गंभीर आरोप

रिश्वतखोरी में पकड़े गए डिप्टी रेंजर ने खुद को मारी गोली, सुसाइड नोट में लगाए गंभीर आरोप

रिश्वतखोरी में पकड़े गए डिप्टी रेंजर ने खुद को मारी गोली, सुसाइड नोट में लगाए गंभीर आरोप

बुरहानपुर।
मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले से बड़ी खबर सामने आई है। कुछ दिन पहले लोकायुक्त द्वारा रिश्वत लेते पकड़े गए डिप्टी रेंजर कृष्ण कुमार बर्मन ने शनिवार को खुद को गोली मारकर आत्महत्या की कोशिश की। घटना नेपानगर स्थित उनके आवास की है। गोली उनके पेट में लगी, जिसके बाद उन्हें पहले नेपा स्वास्थ्य केंद्र और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई है।

सुसाइड नोट में पांच लोगों पर लगाए आरोप

डिप्टी रेंजर ने खुदकुशी से पहले एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जो पुलिस अधीक्षक के नाम संबोधित है। इसमें क्षेत्र के पांच लोगों के नाम लिखकर प्रताड़ना और षड्यंत्र का आरोप लगाया गया है। पत्र में उन्होंने लिखा कि इन लोगों ने उन्हें षड्यंत्र के तहत लोकायुक्त से ट्रैप कराया और हर जगह बदनाम किया, जिससे उनका मन अत्यंत दुखी हो गया। बर्मन ने अपनी मौत के बाद पुलिस से आरोपितों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अन्य व्यक्ति को ऐसी प्रताड़ना न झेलनी पड़े।

इन लोगों के नाम लिखे गए

सुसाइड नोट में डिप्टी रेंजर ने जिन लोगों के नाम लिखे हैं, उनमें रेंजर शंकर सिंह चौहान, वनपाल नारायण केवनिया, सुक्ता गांव के सदाशिव डावर, दिलीप बामनया और बोरी बुजुर्ग के कियोस्क संचालक नवल शामिल हैं। हालांकि पत्र में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि ये लोग किस तरह से प्रताड़ित कर रहे थे।

रिश्वतखोरी में रंगे हाथ पकड़े गए थे

गौरतलब है कि 16 सितंबर को लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने कृष्ण कुमार बर्मन को तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए बोरी बुजुर्ग गांव से गिरफ्तार किया था। इसके बाद से ही वे मानसिक तनाव में बताए जा रहे थे। शनिवार को उन्होंने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद पर गोली चला ली।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट की सामग्री और गोलीकांड के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।

Share:

Leave a Comment