सीधी में सनसनी: महिला प्रधान आरक्षक की पति ने की हत्या, मौके से हुआ फरार सीधी जिले में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले दो दिनों में तीसरी हत्या ने पूरे जिले को दहशत में डाल दिया है। ताज़ा मामला पुलिस लाइन क्षेत्र का है, जहाँ कमर्जी थाना में पदस्थ महिला प्रधान आरक्षक सविता साकेत की उसके ही पति ने बेरहमी से हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक, सविता साकेत पुलिस लाइन सीधी के समीप अपने परिवार के साथ रहती थीं। बीती रात उनका पति वीरेंद्र साकेत किसी बात को लेकर विवाद करने लगा और गुस्से में आकर बेसबाल बैट से सविता के चेहरे पर वार कर दिया। हमले से गंभीर रूप से घायल सविता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पति को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। इसी को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों का कहना है कि वीरेंद्र अक्सर झगड़ा करता था और इसी कड़वाहट में उसने यह कदम उठा लिया। मृतका सविता साकेत की 22 वर्षीय बेटी और 20 वर्षीय बेटा है। दोनों बच्चों पर अचानक माँ की मौत का गहरा सदमा है। बेटी आंचल साकेत ने बताया कि पिता का स्वभाव हिंसक था और अक्सर माँ से मारपीट करता रहता था। पुलिस की कार्रवाई घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। फिलहाल आरोपी पति की गिरफ्तारी के प्रयास तेज़ी से जारी हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। लगातार हत्याओं से दहशत गौरतलब है कि सीधी जिले में पिछले 48 घंटों के भीतर तीन हत्याएँ हो चुकी हैं। पहला मामला मझौली थाना क्षेत्र से, दूसरा भुइमाढ़ से और तीसरा पुलिस लाइन क्षेत्र में महिला आरक्षक की हत्या के रूप में सामने आया है।