टिकरी गाँव में सेंधमारी, सोना-चाँदी व नगदी चोरी सीधी। मड़वास थाना क्षेत्र अंतर्गत टिकरी चौकी के ग्राम टिकरी में चोरों ने बीती रात बड़ी वारदात को अंजाम दिया। टिकरी ग्राम निवासी राम सिया साकेत के घर की कच्ची दीवार में सेंध लगाकर चोर सोना-चाँदी, नगदी सहित अन्य सामान पार कर ले गए। घटना के समय घरवाले अंदर ही सो रहे थे। रात 2 बजे के बाद हुई वारदात राम सिया साकेत की पत्नी के अनुसार रात करीब 2 बजे तक बच्चे और वह जाग रही थीं। इसके बाद सोने पर अज्ञात चोरों ने खपरैल से अंदर झाँककर स्थिति देखी और फिर कच्ची दीवार तोड़कर घर में प्रवेश किया। चोरों ने नगदी के साथ सोना-चाँदी और जरूरी घरेलू सामान चुरा लिया। बताया गया कि राम सिया साकेत ने इलाज के लिए 30 हजार कर्ज़ लिया था, वह रकम भी चोरी हो गई। सुबह हुई जानकारी सुबह घरवालों के जागने पर चोरी का पता चला। घटना की खबर फैलते ही स्थानीय ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुँच गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी है। मौके पर पुलिस जाँच सूचना मिलते ही मड़वास थाना पुलिस ने स्थल निरीक्षण कर प्रारंभिक जाँच शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि गाँव में लगातार इस तरह की वारदातें हो रही हैं, जिससे लोग दहशत में हैं।