पेरिस: फ्रांस के प्रधानमंत्री मैनुएल वाल्स ने बताया कि अधिकारियों का मानना है कि पेरिस में हुए कत्लेआम के बाद फ्रांस और यूरोपीय देशों में नए हमलों को अंजाम दिए जाने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा, हमें पता है कि सिर्फ फ्रांस ही नहीं बल्कि यूरोप के अन्य देशों के खिलाफ हमलों की साजिश रची जा चुकी है और यह अभी भी चल रही है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से फ्रांस आतंकवादी हमलों के खतरे में जी रहा है। वाल्स ने कहा कि इस तथ्य को जानकर वह बेहद स्तब्ध हैं कि शुक्रवार को एक कंसर्ट हॉल, बार, रेस्तराओं और स्ताद द फ्रांस स्टेडियम के बाहर किए हमले में युवाओं का निशाना बनाया गया, जिसमें 132 लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया, एक बार फिर आतंकवादियों ने फ्रांस, फ्रांसीसी लोगों, युवाओं पर हमला किया है और कई युवा मारे गए हैं। फ्रांस के प्रधानमंत्री मैनुअल वाल्स ने कहा कि पुलिस ने पेरिस में हमलों के बाद से संदिग्ध इस्लामिस्ट आतंकियों की तलाश के लिए 150 से ज्यादा जगहों पर छापेमारी की। दक्षिणी-पूर्वी शहर लियोन के एक सूत्र ने बताया कि हथियारों के एक भंडार को जब्त किया गया। पेरिस में पुलिस के सूत्रों ने बताया कि राजधानी के पूर्वी उपनगर बोबिगनी सहित कई शहरों में आज कई दर्जन छापे मारे गए। एक स्थानीय पुलिस सूत्र ने बताया कि फ्रांस के दक्षिण पूर्वी शहर लियोन में 13 छापे मारे गए। सूत्रों ने बताया कि दक्षिण-पूर्वी फ्रांस के शहर में 13 छापों में पांच गिरफ्तारियां हुयी और एक रॉकेट लांचर, एक राइफल, बुलेटप्रूफ जैकेट और हथगोले जब्त किये गए। पुलिस ने दक्षिण पश्चिम फ्रांस के तुलुज में भी छापा मारा । वहां कम से कम तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।