enewsmp.com
Home देश-दुनिया महागठबंधन विधायक दल के नेता नीतीश कुमार तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे

महागठबंधन विधायक दल के नेता नीतीश कुमार तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे

पटना : बिहार विधानसभा चुनाव में दो तिहाई बहुमत पाने वाले महागठबंधन विधायक दल के नेता नीतीश कुमार तीसरी बार आगामी 20 नवम्बर को दोपहर दो बजे अपने मंत्रिमंडल के साथ मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।


राजद प्रमुख लालू प्रसाद, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव, कांग्रेस के महामंत्री सीपी जोशी, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह, राजद के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी सहित महागठबंधन के तीनों घटक दलों जदयू, राजद और कांग्रेस के नेताओं के एक शिष्टमंडल के साथ आज शाम राजभवन जाकर राज्यपाल राम नाथ कोविंद के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया।

नीतीश ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि राज्यपाल को महागठबंधन के विधायक दल के नेताओं द्वारा लिए गए निर्णय की सूचना दी गयी और पत्र सौंपा गया और उसके बाद राज्यपाल महोदय ने उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है।

नीतीश ने बताया कि आगामी 20 नवम्बर को दो बजे दिन में पटना के गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इससे पूर्व इन तीनों दलों के विधायक दल द्वारा सर्वसम्मति से उन्हें अपना नेता चुना गया।

यह पूछे जाने पर कि आगामी 20 नवम्बर को क्या उनके साथ उनके मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य भी शपथ लेंगे नीतीश ने कहा कि मंत्रिमंडल में तीनों दलों के लोग शामिल होंगे।

यह पूछे जाने पर उनके मंत्रिमंडल का आकार क्या होगा नीतीश ने उसका सीधा उत्तर देने के बजाय कहा कि यह सब तय है और मंत्रिमंडल की अधिकतम सीमा संविधान द्वारा तय है :बिहार विधानसभा में सदस्यों की संख्या के अनुसार अधिकतम 30 मंत्री:। वह पूरा करेंगे या कुछ कम करेंगे यह बहुत मायने नहीं रखता। इन सब चीजों की जानकारी आपको शपथ ग्रहण समारोह के अवसर के दौरान मिल जाएगा।

शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को आमंत्रित किया गया है, इस पर नीतीश ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह में अनेक नेताओं को निमंत्रित किया जाता है तो यहां भी शपथ ग्रहण समारोह का निमंत्रण अनेक लोगों को जाएगा जिसके बारे में जानकारी समय पर आप लोगों को मिल जाएगी।

Share:

Leave a Comment