पटना : बिहार विधानसभा चुनाव के पांचों चरण का मतदान गुरुवार शाम संपन्न हो गया। अंतिम चरण का मतदान खत्म होने के बाद तमाम मीडिया समूहों और सर्वे एजेंसियों के एग्जिट पोल के नतीजे आने शुरू हो गए हैं। हालांकि अभी नतीजे आने में 8 नवंबर तक का वक्त है, लेकिन एग्जिट पोल के माध्यम से यह अनुमान लगाने की पूरी कोशिश की जा रही है कि इस चुनावी दंगल को कौन जीतेगा। न्यूज 24 और टुडेज चाणक्य के एग्जिट पोल में महागठबंधन को 83 और एनडीए को 155 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है। वहीं, अन्य दलों के खाते में 5 सीटें मिलने की उम्मीद है। इस एग्जिट पोल में एनडीए को जीत मिलती नजर आ रही है। पोल के अनुसार एनडीए को बिहार में 144-155 सीटें मिल रहीं हैं जबकि महगठबंधन को 83-92 और अन्य को 5-8 सीटें मिलती नजर आ रही हैं। अलग-अलग एग्जिट पोल्स में एनडीए और महागठबंधन के बीच कांटे की टक्कर नजर आ रही है। वैसे एनडीए और महागठबंधन लगातार दावा कर रही है कि बिहार में उसकी सरकार बनने वाली है। इस बीच राजद प्रमुख लालू यादव ने दावा किया है कि महागठबंधन को 190 सीटें मिलने वाली हैं। इंडिया टूडे और सिसेरो के एग्जिट पोल की बात करें तो इसके अनुसार एनडीए को 11-127 सीटें मिल रही हैं वहीं महागठबंधन को 112-132 और अन्य को 4-8 सीटें मिल रही हैं। एबीपी न्यूज के एग्जिट पोल की बात की जाए तो इसके अनुसार बिहार में एनडीए को बड़ा झटका लग रहा है और महागठबंधन को बहुमत मिलता दिख रहा है। इसके अनुसार महागठबंधन को 130 सीटें मिलती नजर आ रही हैं जबकि एनडीए को 108 सीटें मिल रही हैं। इनमें इंडिया टीवी और सी-वोटर के एग्जिट पोल के अनुसार एनडी को 101-121 सीटें मिल सकती है जबकि महागठबंधन के खाते में 112-132 जा सकती हैं। वहीं, टाइम्स नाउ और सी-वोटर के एग्जिट पोल में महागठबंधन को बढ़त दिखाई गई है। इसके अनुसार जहां महागठबंधन 122 सीटें मिल रहीं हैं वहीं एनडीए को 111 सीटों पर संतुष्ट होना पड़ेगा जबकि अन्य के खाते में 10 सीटें जा सकती हैं।