नई दिल्ली : अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन का निर्वासन कराने के लिए सीबीआई और पुलिस अधिकारियों का एक संयुक्त दल इंडोनेशिया के लिए रवाना हो गया है। दो दिन पहले ही भारत ने वहां के अधिकारियों को पत्र लिखकर राजन की वापसी के लिए कहा था ताकि उसके खिलाफ दर्ज कई आपराधिक मामलों में मुकदमा चल सके। पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया से आने के बाद बाली में गिरफ्तार किये गये छोटा राजन को बाली की जेल में रखा गया है। संयुक्त दल आज तड़के जकार्ता के लिए रवाना हो गया, जहां से वह बाली जाएगा। सूत्रों ने बताया कि जकार्ता में भारतीय दूतावास में पदस्थ प्रथम सचिव (कंसुलर) संजीव कुमार अग्रवाल ने रविवार को उस हिरासत केंद्र में करीब आधे घंटे तक राजन से बातचीत की जहां उसे पिछले रविवार को गिरफ्तार करने के बाद से रखा गया है। पहली बार किसी भारतीय अधिकारी ने उससे जेल में मुलाकात की। मुंबई में जन्मे राजन को इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर इंडोनेशिया के बाली में गिरफ्तार किया गया था। वह पिछले दो दशक से अधिक समय से एजेंसियों को चकमा दे रहा था। भारत और इंडोनेशिया के बीच प्रत्यर्पण संधि नहीं होने की स्थिति में भारतीय अधिकारी उसका निर्वासन कराने के लिए उसकी भारतीय पहचान के बारे में इंडोनेशियाई अधिकारियों को पहले ही दस्तावेज मुहैया करा चुके हैं।