पन्ना : शासकीय सरदार पटेल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बृजपुर में केन्द सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सहयोग से 5 दिवसीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ सुश्री कुसुम सिंह मेहदेले मंत्री पशुपालन, पीएचई, ग्रामोद्योग विधि एंव विधायी कार्य ने किया। समारोह में उन्होंने कहा कि विज्ञान के बिना जीवन संभव नही है। विज्ञान ने हमारे जीवन को नई दिशा दी है। शिक्षा, उपचार, आर्थिक उन्नति, कृषि, यातायात तथा संचार के क्षेत्र में विज्ञान का अतुलनीय योगदान है। इस प्रदर्शनी के माध्यम से बच्चों में विज्ञान के प्रति रूचि विकसित हो, यहां बच्चे अंतरिक्ष विज्ञान, चिकित्सा तथा अन्य क्षेत्रों में अच्छी सफलता प्राप्त करें। प्रदर्शनी के माध्यम से बच्चों ने अपनी विज्ञान प्रतिभा उजागर की है। मंत्री सुश्री मेहदेले ने कहा कि देश में वैदिक काल से ज्ञान और विज्ञान का महत्व रहा है। प्राचीनकाल में ऋषियों तथा वैज्ञानिकों ने हमें कई वैज्ञानिक अवधारणा दी हैं। देश के प्रधानमंत्री ज्ञान और विज्ञान से हर व्यक्ति को जोडने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। कम्प्यूटर, इन्टरनेट तथा अन्य संचार साधनों ने पूरी दुनिया को ग्लोबल गांव बना दिया है। मोबाईल में एक बटन दबाते ही हजारों मील दूर व्यक्ति से सम्पर्क हो जाता है। उन्होंने ग्रामवासियों की मांग पर बृजपुर में एक माह में नई नलजल योजना प्रारंभ करने तथा उप स्वास्थ्य केन्द्र प्रांरभ करने की घोषणा की। उन्होंने योग प्रदर्शन करने वाले छात्र राजेन्द्र सिंह को स्वैच्छानुदान मद से 5 हजार रूपये की सहायता देने की घोषणा की। विज्ञान प्रदर्शनी में 28 सितंबर से 3 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें विज्ञान नाटिका, विज्ञान गीत, प्रश्न मंच तथा विज्ञान प्रदर्शनी शामिल है। उद्घाटन दिवस में विभिन्न विद्यालय के विद्यार्थियों ने बुन्देली लोकगीतों, नृत्यों के माध्यम से ज्ञान विज्ञान की जानकारी दी। समारोह में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के प्रतिनिधि ए.बी.पी. मिश्रा ने कहा कि विज्ञान जटिल विषय लगता है लेकिन यह बहुत रौचक है। मानव जीवन की हर गतिविधि से विज्ञान जुडा हुआ है। यदि हम वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपना कर अपना जीवन संचालित करें तो कई बुराईयां और अंधविश्वास दूर हो जाएंगे। जादू और चमत्कारों के पीछे भी विज्ञान ही होता है। प्राचीनकाल में आर्यभट्ट बाराहमिहिर जैसे वैज्ञानिकों ने हमें नई दिशा दी। समारोह में विज्ञान परिषद की सुश्री संध्या वर्मा ने कुछ चमत्कार दिखाकर उनके वैज्ञानिक कारण बताए। समारोह में प्राचार्य बृजपुर विद्यालय आर.पी. प्रजापति ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी में 32 विद्यालयों के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में विज्ञान के प्रचार प्रसार का प्रयास किया जा रहा है। समारोह में नगरपालिका अध्यक्ष श्री मोहनलाल कुशवाहा, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती माया सिंह, सरपंच बृजपुर श्री रितुराज दीक्षित, जिला शिक्षा अधिकारी एस.पी. मिश्रा, जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चन्द्रसेन सिंह, श्री बृजेन्द्र गर्ग, तथा विद्यार्थी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।