सीधी (ईन्यूज़ एमपी)। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत ग्राम पटपरा में जनसमस्या निवारण एवं जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर विकास मिश्रा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। शिविर में 100 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से चर्चा कर पात्रतानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक माह बाद इसी तरह फॉलोअप शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रत्येक आवेदन पर हुई कार्रवाई और उसके निराकरण की स्थिति आवेदकों को बताई जाएगी। शिविर के दौरान कलेक्टर ने पहले से चिन्हित सीएम हेल्पलाइन की 34 शिकायतों का मौके पर परीक्षण किया। उन्होंने शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं और संबंधित विभागों द्वारा अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिक जवाब दर्ज करने तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान होना चाहिए। आवश्यकता पड़ने पर अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर जांच करें और शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करें। विभागीय समन्वय से जुड़े मामलों का आपसी तालमेल के साथ निराकरण करने तथा शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश भी दिए गए। शिविर में प्राप्त 100 से अधिक आवेदनों पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी आवेदनों का परीक्षण कर पात्रतानुसार कार्रवाई की जाए और जिन मामलों का तत्काल निराकरण संभव है, उन्हें प्राथमिकता से हल किया जाए। उन्होंने दोहराया कि एक माह बाद होने वाले फॉलोअप शिविर में प्रत्येक आवेदन की प्रगति की समीक्षा की जाएगी, ताकि आवेदकों को अपने प्रकरण की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद पंचायत सीधी के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह परिहार ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आमजन के कल्याण और प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शासन और प्रशासन को सीधे गांवों तक पहुंचाकर लोगों की समस्याओं के समाधान की महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य समस्याएं सुनने के साथ उनका समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करना और शासन के प्रति जनता का विश्वास मजबूत करना है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने तथा गांव के विकास में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। इस अवसर पर महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए कुल नौ लाख रुपये के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इनमें लक्ष्मी समूह पुतरीहा, बहुउद्देशीय समूह पुतरीहा और आरती समूह पुतरीहा को तीन-तीन लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई। इसके साथ ही संबल योजना के हितग्राहियों को भी स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले वाश ऑन व्हील के सफाई कर्मचारियों का भी सम्मान किया गया। इनमें सेक्टर कमर्जी के दिनेश बंसल तथा सेक्टर गांधीग्राम के धुम्मा के सतेन्द्र साकेत शामिल रहे। उनके स्वच्छता कार्यों में योगदान की सराहना की गई। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं एवं हितग्राहीमूलक सेवाओं की जानकारी दी गई। आयुष एवं स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य शिविर लगाकर ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं और परामर्श उपलब्ध कराया। वहीं पशुपालन विभाग ने पशुपालकों को पशुओं के रखरखाव, पोषण एवं बीमारियों से बचाव की जानकारी देने के साथ आवश्यक दवाइयों का वितरण किया। कार्यक्रम के दौरान जनपद पंचायत अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह परिहार ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष सुमन सिंह, पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, उपखंड अधिकारी चुरहट अजय शर्मा, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत धनंजय मिश्रा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत चंदूलाल पनिका सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय और खंडस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में ग्राम पंचायत पटपरा के सरपंच विजय प्रताप सिंह ने आभार व्यक्त किया।