enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश सिंगरौली में टला बड़ा हादसा: पुल की रेलिंग से टकराया ट्रक, आधा हिस्सा हवा में लटका

सिंगरौली में टला बड़ा हादसा: पुल की रेलिंग से टकराया ट्रक, आधा हिस्सा हवा में लटका

सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- जिले के बरगवां थाना क्षेत्र के गड़ेरिया गांव में बरगवां-बैढ़न मार्ग पर गुरुवार को बड़ा हादसा टल गया। तेज बारिश के चलते पुल के दोनों तरफ की मिट्टी और सड़क का हिस्सा बह जाने से मार्ग बेहद खतरनाक हो गया है। इसके बावजूद भारी वाहनों की आवाजाही जारी रही।

इसी दौरान बैढ़न से बरगवां की ओर जा रहा एक ट्रक पुल पर पहुंचा। सड़क का हिस्सा धंसने के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का आधा हिस्सा पुल से बाहर लटक गया और वह नदी में गिरने की स्थिति में पहुंच गया। हालांकि चालक की जान बच गई और बड़ा हादसा होने से टल गया।

हादसे के बाद ट्रक काफी देर तक पुल पर ही फंसा रहा। सूचना मिलने पर बरगवां पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से ट्रक को हटवाया। इसके बाद मार्ग पर यातायात दोबारा शुरू कराया गया।

बरगवां थाना प्रभारी अनिल पटेल ने बताया कि ट्रक बैढ़न से भरगामा की ओर जा रहा था। पुल के टूटे हिस्से के पास मिट्टी धंसने से ट्रक बेकाबू होकर रेलिंग से टकराया। उन्होंने बताया कि पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है और सुरक्षा के लिए वहां बैरिकेडिंग कराई गई है।

सवालों के घेरे में भारी वाहनों की आवाजाही

लगातार बारिश के कारण पुल की हालत बिगड़ती जा रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब पुल का हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर भारी वाहनों के लिए खतरनाक हो चुका था, तो उनकी आवाजाही पर रोक क्यों नहीं लगाई गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए तो यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

फिलहाल पुलिस ने क्षतिग्रस्त हिस्से के पास बैरिकेडिंग कर दी है, लेकिन भारी बारिश के बीच पुल की सुरक्षा को लेकर स्थायी इंतजाम की जरूरत महसूस की जा रही है।

Share:

Leave a Comment