रीवा (ईन्यूज एमपी)-रीवा में नेशनल हाईवे-39 पर बुधवार शाम करीब 5 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। गुढ़ थाना क्षेत्र के बदवार स्टैंड के पास बस और बलकर की जोरदार टक्कर में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे में कई अन्य यात्रियों के घायल होने की सूचना है। जानकारी के मुताबिक, बघोर ट्रैवल्स की बस रीवा से सीधी की ओर जा रही थी। इसी दौरान बदवार स्टैंड के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार बलकर ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बलकर अनियंत्रित होकर पलट गया, जबकि बस सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बस में करीब 40 यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल राहत-बचाव शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा जा रहा है। हादसे में मृतकों की पहचान और घायलों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन की प्राथमिकता घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराना और बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालना है।