रीवा(ईन्यूज एमपी)- संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अर्जुन नाम के एक युवक ने अस्पताल की ऊपरी मंजिल से करीब चार मंजिल की ऊंचाई से छलांग लगा दी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों और कर्मचारियों ने तत्काल युवक को संभाला और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। अर्जुन की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, अर्जुन अस्पताल की ऊपरी मंजिल पर पहुंच गया था। उसे छलांग लगाने की स्थिति में देखकर वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौजूद लोगों ने आवाज लगाकर उसे समझाने और रोकने का प्रयास किया। युवक काफी देर तक ऊपरी मंजिल पर खड़ा रहा, लेकिन अचानक उसने छलांग लगा दी। अस्पताल में सफाईकर्मी है युवक की मां बताया गया है कि अर्जुन की मां संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत हैं। घटना के समय वह अस्पताल में ड्यूटी पर थीं। बेटे के ऊपरी मंजिल से छलांग लगाने की जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंचीं। अस्पताल कर्मचारियों ने तत्काल घायल युवक को उपचार के लिए भर्ती कराया। छलांग लगाने की वजह स्पष्ट नहीं घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई है। फिलहाल अर्जुन ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। अस्पताल में हुई इस घटना के बाद कुछ देर के लिए परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।