करीब तीन घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन, 4 लोगों को सुरक्षित निकाला गया; 2 को बचाने में जुटी SDRF शहडोल(ईन्यूज एमपी)-बाणसागर बांध के छह गेट खोले जाने के बाद सुखाड़ नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। इसी दौरान नदी में मछली पकड़ने गए छह लोग बढ़ते पानी के बीच फंस गए। अचानक आई बाढ़ जैसी स्थिति से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। फंसे लोगों ने करीब तीन घंटे तक अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष किया। घटना की जानकारी मिलते ही राहत एवं बचाव दल को मौके पर भेजा गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान चार लोगों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो लोग अब भी नदी के बीच फंसे बताए जा रहे हैं। दोनों को सुरक्षित निकालने के लिए SDRF की टीम लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। बताया जा रहा है कि बाणसागर बांध के गेट खोले जाने के बाद नदी का जलस्तर बढ़ने की जानकारी क्षेत्र में थी। इसके बावजूद छह लोग मछली पकड़ने के लिए नदी के बीच पहुंच गए। पानी का बहाव और जलस्तर अचानक बढ़ने से वे वापस नहीं लौट सके और नदी के बीच फंस गए। प्रशासन की अलर्ट व्यवस्था पर सवाल घटना के बाद नदी किनारे प्रशासन की निगरानी और अलर्ट व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। बांध के गेट खोले जाने और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में नदी किनारे लोगों को जाने से रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था थी या नहीं, इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई है। फिलहाल SDRF की टीम दो लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटी है। चार लोगों के सुरक्षित बाहर आने से राहत मिली है। समय रहते रेस्क्यू शुरू होने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।