सड़क सुरक्षा के लिए परिवहन विभाग की सख्ती, वाहनों और आवारा पशुओं पर लगाए जा रहे रेडियम रिफ्लेक्टर सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)-जिला कलेक्टर गौरव बेनल के निर्देश एवं जिला परिवहन अधिकारी के मार्गदर्शन में परिवहन विभाग द्वारा जीरो टॉलरेंस नीति के तहत मालवाहक और यात्री वाहनों की सघन जांच का अभियान जारी है। इसी क्रम में जांच के दौरान वाहन क्रमांक MP 53 HA 2233 और MP 66 H 2013 में अनियमितताएं पाए जाने पर दोनों वाहनों को जब्त कर सुरक्षार्थ थाना मोरवा में खड़ा कराया गया है। सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष पहल अतिवृष्टि और बारिश के दौरान कम दृश्यता को देखते हुए RTO चेक पॉइंट सिंगरौली द्वारा मालवाहक एवं यात्री वाहनों पर व्यापक स्तर पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं। इससे रात और खराब मौसम में वाहनों की दृश्यता बढ़ाने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही समाजसेवियों के सहयोग से सड़क किनारे घूमने वाले आवारा पशुओं पर भी रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य रात के समय पशुओं को दूर से दिखाई देने योग्य बनाना और संभावित सड़क दुर्घटनाओं को रोकना है। परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे नशे की हालत में वाहन न चलाएं। बारिश के दौरान वाहन की गति नियंत्रित रखें और सड़क पर पर्याप्त सावधानी बरतें। शासकीय कार्य में बाधा पर होगी वैधानिक कार्रवाई परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच एवं कार्रवाई के दौरान अनावश्यक विवाद करना, अनर्गल वीडियो बनाना, ब्लैकमेलिंग, शासकीय कार्य में बाधा डालना अथवा कर्मचारियों के साथ अभद्रता करना स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसी स्थिति में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर एफआईआर भी दर्ज कराई जा सकती है। विभागीय कार्रवाई को लेकर किसी व्यक्ति को आपत्ति या शिकायत होने पर वह RTO चेक पॉइंट सिंगरौली कार्यालय में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक उपस्थित होकर अपनी बात रख सकता है। अगस्त में 11.34 लाख रुपये राजस्व संग्रह परिवहन विभाग के अनुसार अगस्त माह में अब तक ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से 11 लाख 34 हजार रुपये का शासकीय राजस्व एकत्रित किया जा चुका है। विभाग ने कहा है कि जीरो टॉलरेंस अभियान और सड़क सुरक्षा अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।