सीधी(ईन्यूज एमपी)- बाणसागर बांध देवलौंद का जलस्तर पूर्ण होने के बाद देर रात बांध के तीन गेट खोले गए। तीनों गेटों से अलग-अलग 50-50 क्यूबिक मीटर प्रति सेकंड की दर से कुल करीब 150 क्यूबिक मीटर प्रति सेकंड पानी सोन नदी में छोड़ा जा रहा है। बाणसागर बांध से पानी छोड़े जाने के बाद सोन नदी के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी की आशंका को देखते हुए बांध प्रबंधन के आला अधिकारियों ने विंध्य क्षेत्र के शहडोल, मैहर, सतना, सीधी और सिंगरौली जिले के कलेक्टरों को अलर्ट किया है। प्रशासन को सोन नदी के डूब क्षेत्र में आने वाले 28 ग्रामों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर जाने तथा नदी में नहीं उतरने की सलाह दी गई है। बांध से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण सोन नदी के किनारे बसे गांवों में खतरे की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है। प्रशासन द्वारा संभावित स्थिति पर नजर रखी जा रही है तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। विशेष रूप से सोन नदी के आसपास रहने वाले लोग नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सतर्क रहें।