enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश रीवा में मूसलाधार बारिश से बाढ़ जैसे हालात, 2200 से अधिक लोग राहत शिविरों में; 21-22 अगस्त को स्कूल बंद

रीवा में मूसलाधार बारिश से बाढ़ जैसे हालात, 2200 से अधिक लोग राहत शिविरों में; 21-22 अगस्त को स्कूल बंद

रीवा(ईन्यूज एमपी)- जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं और रीवा शहर की कई निचली बस्तियों एवं मोहल्लों में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। पिछले 24 घंटे में जिले में 96.9 मिमी यानी करीब चार इंच बारिश दर्ज की गई है। रायपुर कर्चुलियान, गुढ़ और त्योंथर में 120-120 मिमी, मनगवां में 110, हुजूर में 105, सेमरिया में 85, सिरमौर में 70 तथा जवा में 45 मिमी वर्षा दर्ज हुई। जिले में अब तक कुल 426.8 मिमी बारिश हो चुकी है।

भारी बारिश के कारण बीहर, बिछिया, टमस और नैना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ा है। रीवा शहर के गुलाब नगर, मैदानी, समान, चिरहुला कॉलोनी, निपनिया, बिछिया, खैरी बस्ती, बांसघाट, पुष्पराज नगर के निचले हिस्से, करहिया, विंध्य विहार कॉलोनी, पद्मधर कॉलोनी, अनंतपुर, रामनिरंजन नगर, नेहरू नगर, लखौरी बाग सहित कई क्षेत्रों में पानी भर गया है।

खैरी बस्ती में रेस्क्यू, 15 लोगों को सुरक्षित निकाला

चोरहटा थाना क्षेत्र के खैरी बस्ती में जलभराव के बीच फंसे लोगों को प्रशासन और रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू किए गए लोगों में 5 महिलाएं, एक नवजात बच्ची और 9 पुरुष शामिल हैं। सभी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। प्रशासन द्वारा प्रभावित लोगों को राहत शिविरों में ठहराया गया है।

जिले में एसडीआरएफ और होमगार्ड की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। जिला सेनानी होमगार्ड मीनाक्षी सिंह चौहान के नेतृत्व में 80 से अधिक होमगार्ड जवान तैनात किए गए हैं।

27 राहत शिविरों में हजारों प्रभावितों को पहुंचाया

कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के अनुसार, जिलेभर में अब तक चार हजार से अधिक लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। करीब तीन हजार लोग 27 बाढ़ राहत शिविरों में रह रहे हैं। इन शिविरों में प्रभावित लोगों को भोजन, पानी और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

रीवा नगर निगम क्षेत्र में ही 2200 से अधिक बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत शिविरों में रखा गया है। नगर निगम की टीमें लगातार जलभराव वाले क्षेत्रों का दौरा कर लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में जुटी हैं।

डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने संभाला मोर्चा

उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रीवा के जलमग्न क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने वार्ड क्रमांक 23 ललऊ घाट, वार्ड क्रमांक 15 विहान हॉस्पिटल, वार्ड क्रमांक 10 सामुदायिक भवन, वार्ड क्रमांक 41 भैरव मार्ग बिछिया और रानी तालाब क्षेत्र का निरीक्षण किया।

इससे पहले उन्होंने कंट्रोल रूम पहुंचकर जलभराव और राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और नगर निगम आयुक्त को प्रभावित क्षेत्रों से पानी निकालने तथा राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरूकरण सिंह भी सुबह से ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लगातार भ्रमण कर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

कई इलाकों में सुरक्षा के लिए आवागमन रोका

बीहर नदी के छोटी पुल पर पानी आने के कारण ढेकहा में यातायात रोक दिया गया है। वाहनों का आवागमन विक्रम पुल से कराया जा रहा है। वहीं वार्ड क्रमांक 15 स्थित पिछड़ा वर्ग बालक छात्रावास में जलभराव के बाद सुरक्षा की दृष्टि से हॉस्टल खाली करा लिया गया है।

त्योंथर क्षेत्र में भी बाढ़ की आशंका को देखते हुए त्योंथर-पचामा मार्ग बंद करा दिया गया है और एसडीआरएफ का दल तैनात किया गया है।

सिरमौर में 301, रायपुर कर्चुलियान में 35 तथा सेमरिया के तीन राहत शिविरों में 72 लोगों को रखा गया है। गुढ़ के वार्ड क्रमांक 14 में जलभराव के कारण आठ परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। कई क्षेत्रों में जल निकासी के लिए नालियां और वैकल्पिक मार्ग बनाए जा रहे हैं।

21 और 22 अगस्त को रीवा में स्कूल बंद

अतिवृष्टि और मौसम विभाग की बारिश की चेतावनी को देखते हुए रीवा जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में 21 और 22 अगस्त को कक्षा 1 से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है।

जिला शिक्षा अधिकारी पीएल मिश्रा द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह निर्णय जलभराव, आवागमन की स्थिति, स्कूल एवं आंगनवाड़ी परिसरों की स्थिति तथा राहत कार्यों में स्कूल भवनों के संभावित उपयोग को देखते हुए लिया गया है।

हालांकि यह अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए है। शिक्षक और संस्थागत कर्मचारी अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहेंगे। पूर्व निर्धारित परीक्षाएं अपनी समय-सारणी के अनुसार संचालित होंगी।

24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम

बाढ़, जलभराव और अन्य आपात स्थितियों के लिए जिला कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय है। नागरिक 07662-255143 पर संपर्क कर सकते हैं।

नगर निगम क्षेत्र के लिए टोल फ्री नंबर 18008899711 जारी किया गया है। इसके अलावा 07662-254568, 07662-320105, 07662-310346, 07662-320150 और 07662-320329 पर भी सहायता के लिए संपर्क किया जा सकता है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जलभराव, बाढ़ या किसी अन्य आपात स्थिति में बिना देरी किए कंट्रोल रूम को सूचना दें, ताकि रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर सके।

Share:

Leave a Comment