सिंगरौली (ईन्यूज एमपी)। बरगवां थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात रेलवे पटरी पर एक अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना सब्जी मंडी के पीछे स्थित रेलवे अंडर ब्रिज के पास की है। शव कई टुकड़ों में बंटा हुआ था और सिर धड़ से अलग मिला। स्थानीय लोगों ने देर रात रेलवे पटरी के पास शव देखा और तत्काल बरगवां थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को प्रथम दृष्टया आशंका है कि युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। हालांकि, मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और युवक की शिनाख्त के लिए पड़ोसी क्षेत्रों में भी जानकारी भेजी जा रही है। बरगवां थाना प्रभारी अनिल पटेल ने बताया कि शव को रात में ही पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया गया था। बुधवार सुबह तक भी मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों से जानकारी जुटाकर युवक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान होने के बाद ही उसकी उम्र, पता और घटना से जुड़ी अन्य जानकारी स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस रेलवे पटरी के आसपास मिले संभावित साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से प्राप्त जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।