enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश सोहागी घाटी में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी तूफान गाड़ी; 7 लोग...

सोहागी घाटी में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी तूफान गाड़ी; 7 लोग...

रीवा। जिले के सोहागी थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर मंगलवार देर रात करीब 2 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। सोहागी घाटी में प्रयागराज से लौट रही यात्रियों से भरी तूफान गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार सभी सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही सोहागी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। गाड़ी सड़क से करीब 70 से 100 फीट नीचे खाई में गिरी होने की जानकारी सामने आई है, जिसके कारण घायलों तक पहुंचना और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया।

सोहागी थाना प्रभारी कमलेश साहू के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिसकर्मी गहरी खाई में उतरे और काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे सभी सात घायलों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला।

रेस्क्यू के बाद सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में घायल सभी लोग सतना जिले के उचेहरा क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। सभी लोग प्रयागराज गए थे और वहां से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सोहागी घाटी में उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी।

हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आखिर वाहन किस वजह से अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा।

सोहागी पुलिस की तत्परता से गहरी खाई में फंसे सातों घायलों को समय रहते बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों की स्थिति और दुर्घटना के वास्तविक कारणों को लेकर आगे की जांच जारी है।

Share:

Leave a Comment