enewsmp.com
Home सीधी दर्पण मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का शुभारंभ आज, रीवा संभाग के आयुक्त शीलेंद्र सिंह रामपुर नैकिन में सुनेंगे जनसमस्याएं

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का शुभारंभ आज, रीवा संभाग के आयुक्त शीलेंद्र सिंह रामपुर नैकिन में सुनेंगे जनसमस्याएं

सीधी(ईन्यूज एमपी)-मध्य प्रदेश सरकार द्वारा आज 7 अगस्त 2026 से प्रदेशव्यापी 'मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026' का शुभारंभ किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव छिंदवाड़ा से इस जनहितकारी अभियान की शुरुआत करेंगे। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का मौके पर त्वरित निराकरण, शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना तथा प्रशासन और जनता के बीच सीधे संवाद को मजबूत करना है।

इसी क्रम में रीवा संभाग के आयुक्त शीलेंद्र सिंह आज सीधी जिले के रामपुर नैकिन क्षेत्र में आयोजित मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत लोगों की समस्याएं सुनेंगे। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे और प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण की कार्रवाई करेंगे।

राज्य सरकार के निर्देशानुसार यह अभियान प्रत्येक शुक्रवार आयोजित किया जाएगा। प्रशासनिक अधिकारी गांवों और विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर जनसंवाद करेंगे तथा शिविर लगाकर नागरिकों की शिकायतों का मौके पर समाधान करेंगे।

अभियान में विशेष रूप से राजस्व विभाग से जुड़े मामलों, जैसे नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा सहित अन्य लंबित प्रकरणों के निराकरण को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा तथा विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया जाएगा।

प्रदेश सरकार का मानना है कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान से प्रशासन की जवाबदेही बढ़ेगी, आम नागरिकों को त्वरित राहत मिलेगी और शासन एवं जनता के बीच विश्वास और संवाद को नई मजबूती मिलेगी।

Share:

Leave a Comment