सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- जिले के सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत दुधमनियां गांव में सड़क की बदहाली एक बार फिर उजागर हुई है। यहां 16 वर्षीय किशोर की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों को उसका शव खाट पर रखकर करीब आधा किलोमीटर पैदल मुख्य मार्ग तक ले जाना पड़ा। बारिश के कारण कच्ची सड़क दलदल में तब्दील हो गई थी, जिससे एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी। घटना शुक्रवार की है, जबकि इसका वीडियो शनिवार को सामने आया। खराब सड़क बनी सबसे बड़ी बाधा जानकारी के अनुसार, दुधमनियां निवासी 16 वर्षीय सुनील सिंह, पिता राजमोहन सिंह, की शुक्रवार को मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के लिए शव को मुख्य मार्ग तक ले जाना था, लेकिन गांव की कच्ची और कीचड़युक्त सड़क के कारण वाहन गांव तक नहीं पहुंच सका। मजबूरी में परिजनों और ग्रामीणों ने शव को खाट पर रखकर पैदल मुख्य सड़क तक पहुंचाया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में सड़क व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। बारिश में दलदल बन जाती है सड़क स्थानीय निवासी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि गांव से मुख्य सड़क तक करीब दो किलोमीटर लंबी सड़क पूरी तरह कच्ची है। बारिश के दिनों में यह मार्ग दलदल में बदल जाता है, जिससे लोगों का आवागमन मुश्किल हो जाता है। उन्होंने बताया कि करीब डेढ़ हजार आबादी वाले इस गांव के लोग वर्षों से पक्की सड़क की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। किशोर ने फांसी लगाकर की थी आत्महत्या सरई थाना प्रभारी प्रहलाद मैस्क्युले ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किशोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। परिजनों के अनुसार, पिछले करीब दो सप्ताह से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को सरई तक लाने के लिए वाहन की व्यवस्था की थी, लेकिन सड़क की अत्यंत खराब स्थिति के कारण एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी। थाना प्रभारी ने स्वीकार किया कि क्षेत्र की जर्जर सड़क के कारण ही ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई।