शहडोल(ईन्यूज एमपी)- जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र में रविवार को तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में 11 वर्षीय बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। सभी घटनाएं खेतों और खुले स्थानों पर हुईं। सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने तीनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पहली घटना झींक बिजुरी चौकी क्षेत्र के ग्राम झींक में हुई। यहां धान की रोपाई कर रहे लोगों पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में 28 वर्षीय किशन (पत्नी राकेश) गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें पहले झींक बिजुरी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने के कारण जिला अस्पताल शहडोल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। दूसरी घटना दरशिला चौकी क्षेत्र के छुटकी टोला में हुई। खेत में धान की रोपाई कर रहे 45 वर्षीय किसान सुंदर पर आकाशीय बिजली गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य ग्रामीण भी घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है। इसी दरशिला चौकी क्षेत्र के रेकोवा गांव में भी खेत में काम कर रहे दो लोग बिजली की चपेट में आकर झुलस गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है। तीसरी घटना जैतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मुसरा में हुई। तेज बारिश के दौरान घर के बाहर खड़े 11 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह (पिता प्रेमलाल सिंह) पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में उनकी भाभी भी घायल हुई हैं, जिनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। प्रशासन ने लगातार हो रही बारिश और आकाशीय बिजली की घटनाओं को देखते हुए लोगों से खराब मौसम में खेतों, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।