ढाई माह की मासूम बेटी के सिर से उठा पिता का साया, सिंगरौली के देवसर क्षेत्र की घटना सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- जिले के जनपद पंचायत देवसर अंतर्गत ग्राम पंचायत जियावन के ग्राम अकौरी में एक दर्दनाक हादसे में जहरीले सांप के डसने से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान **तेरस लाल कोल (20), पिता गंगाराम कोल** के रूप में हुई है। युवक विवाहित था और उसकी ढाई माह की एक मासूम बेटी है। इस घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जानकारी के अनुसार, 25 जुलाई की रात क्षेत्र में अचानक बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। गर्मी के कारण तेरस लाल घर के अंदर जमीन पर सो गए। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवसर लेकर पहुंचे। बताया गया कि स्थानीय सरपंच पति **महादेव साकेत** भी अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से चर्चा कर युवक का तत्काल उपचार शुरू कराया। डॉक्टरों ने उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन शरीर में जहर तेजी से फैल जाने के कारण 26 जुलाई की दोपहर करीब 2 बजे चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर जियावन पुलिस अस्पताल पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। युवक की असमय मौत से ग्राम अकौरी सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। ढाई माह की मासूम बेटी के सिर से पिता का साया उठ जाने और पत्नी के सुहाग उजड़ जाने से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। घटना के बाद सरपंच पति महादेव साकेत ने क्षेत्रवासियों से बरसात के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान सांप और अन्य विषैले जीव अधिक निकलते हैं। ऐसे में जमीन पर सोने से बचें, रात में पर्याप्त रोशनी या टॉर्च का उपयोग करें, घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें तथा सर्पदंश होने पर झाड़-फूंक के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचकर उपचार कराएं। उन्होंने बताया कि देवसर क्षेत्र में हाल के दिनों में सर्पदंश की कई घटनाएं सामने आई हैं। समय पर उपचार और थोड़ी सी सावधानी से ऐसे हादसों से काफी हद तक बचा जा सकता है।