enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश लोकायुक्त रीवा की बड़ी कार्रवाई,4 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार हुआ बाबू...

लोकायुक्त रीवा की बड़ी कार्रवाई,4 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार हुआ बाबू...

रीवा(ईन्यूज एमपी)- रीवा लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए त्योंथर स्थित जल संसाधन विभाग कार्यालय में पदस्थ बड़े बाबू रामवरण मिश्रा को ₹4 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर मृत कर्मचारी की पत्नी की पारिवारिक पेंशन का प्रकरण आगे बढ़ाने के एवज में ₹7 हजार की रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध ट्रैप कार्रवाई कर आरोपी को पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता मोनू नापित, थाना सोहागी क्षेत्र के निवासी हैं। उनके पिता जल संसाधन विभाग में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे, जिनका मार्च 2026 में निधन हो गया था। इसके बाद उनकी माता की पारिवारिक पेंशन का प्रकरण विभाग में लंबित था।

आरोप है कि पेंशन संबंधी फाइल आगे बढ़ाने और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने के बदले बड़े बाबू रामवरण मिश्रा ने शिकायतकर्ता से ₹7 हजार की रिश्वत की मांग की। रिश्वत की मांग से परेशान होकर मोनू नापित ने 24 जुलाई को रीवा लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।

लोकायुक्त पुलिस ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए। इसके बाद ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता को ₹4 हजार की रिश्वत राशि लेकर आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही रामवरण मिश्रा ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

लोकायुक्त निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया ने बताया कि शिकायत के सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद जल संसाधन विभाग में हड़कंप मच गया। लोकायुक्त टीम ने मौके से आवश्यक दस्तावेज और अन्य साक्ष्य भी एकत्र किए हैं। मामले की आगे जांच जारी है और रिश्वतखोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

Share:

Leave a Comment