उमरिया(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में गुरुवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक मासूम बच्चा, तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। हादसा इतना भयावह था कि तेज रफ्तार अर्टिगा कार ट्रक में पीछे से घुस गई और उसके परखच्चे उड़ गए। जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच कोतवाली थाना क्षेत्र की सिविल लाइन चौकी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर भरौला स्थित सिद्ध बाबा क्षेत्र के समीप हुआ। पुलिस के मुताबिक, अनूपपुर जिले के लीला गांव का एक परिवार अर्टिगा कार (एमपी-18-जेडई-9677) से चित्रकूट जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद वाहन में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति कार के अंदर ही बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद फंसे व्यक्ति को बाहर निकाला और सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को अस्पताल पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया, जबकि उपचार के दौरान एक अन्य घायल ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में कुल पांच लोगों की जान चली गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक शर्मा ने बताया कि मृतक सभी अनूपपुर जिले के लीला गांव के निवासी थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार चित्रकूट किसी परीक्षा में शामिल होने के लिए जा रहा था। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।