enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश हाइवे में सड़क हादसा: तेज रफ्तार XUV ट्रक में घुसी, पांच युवकों की मौत

हाइवे में सड़क हादसा: तेज रफ्तार XUV ट्रक में घुसी, पांच युवकों की मौत

मैहर(ईन्यूज एमपी)-जिले में सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर हुए भीषण सड़क हादसे में पांच युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा नादन देहात थाना क्षेत्र के रिगरा गांव के पास रात करीब 2 बजे उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार महिंद्रा एक्सयूवी-700 आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी युवक वाहन में फंस गए।

सूचना मिलते ही डायल-112, हाईवे पेट्रोलिंग और नादन देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे छह युवकों को बाहर निकाला। इनमें पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल मिला। घायल को पहले अमरपाटन सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया गया। उसका उपचार जारी है।

जन्मदिन समारोह से लौट रहे थे युवक

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी युवक अमरपाटन जनपद उपाध्यक्ष मनोज पटेल का जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे। हादसे में जान गंवाने वाले सभी युवक पूर्व विधायक लालजी भाई पटेल (निर्दलीय) और पूर्व कांग्रेस विधायक स्वर्गीय मथुरा पटेल के परिवार से जुड़े बताए गए हैं। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

पांच मृतकों की हुई पहचान

पुलिस ने मृतकों की पहचान अंकुर पटेल (40), पिता गोविंद पटेल, मृदुल पटेल (32), पिता महेंद्र पटेल, विजय पटेल (30), पिता नागेंद्र पटेल, हरीशंकर पटेल (25), पिता नागेंद्र पटेल तथा शिवा पटेल (23), पिता संजू पटेल के रूप में की है। इनमें चार युवक मैहर जिले के तनाजा गांव के निवासी थे, जबकि शिवा पटेल नरोरा गांव का रहने वाला था। हादसे में घायल ओम पटेल का सतना में उपचार चल रहा है।

ट्रक चालक ने बताई हादसे की वजह

ट्रक चालक चितरंजन दास चंदेल ने बताया कि उसका ट्रक करीब 40 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही एक्सयूवी ने ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक के पीछे के दोनों टायर क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि वाहन पलटने से बच गया।

मृतक अलग-अलग व्यवसायों से जुड़े थे

मृतक अंकुर पटेल खेती के साथ व्यवसाय करते थे। मृदुल पटेल वेयरहाउस का संचालन करते थे। विजय पटेल जबलपुर में नौकरी करते थे। हरीशंकर पटेल खेती से जुड़े थे, जबकि शिवा पटेल नौकरी करते थे। सभी युवक सामाजिक रूप से सक्रिय परिवारों से संबंध रखते थे।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक्सयूवी (क्रमांक MP 13 L 1887) अत्यधिक तेज रफ्तार में थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके चलते वह आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सामान्य कराया।

नादन देहात थाना प्रभारी पंचराज सिंह ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मैहर सिविल अस्पताल की मॉर्चुरी भेज दिया गया है। इस दर्दनाक हादसे से मैहर और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Share:

Leave a Comment