enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश देवसर बाजार में बड़ा हादसा टला, आम से लदी पिकअप ने कई ठेलों और गोमतियों को मारी टक्कर

देवसर बाजार में बड़ा हादसा टला, आम से लदी पिकअप ने कई ठेलों और गोमतियों को मारी टक्कर

सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- जिले के देवसर बाजार में सोमवार देर रात बड़ा हादसा टल गया। जियावन थाने के सामने रात करीब 2 बजे सीधी की ओर से आम लेकर आ रही एक बोलेरो पिकअप (क्रमांक MP 66 G 1966) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी फल एवं सब्जी की कई ठेलों और गोमतियों से जा टकराई। हादसे में कई ठेले और गोमतियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप स्थानीय फल व्यवसायी पिंटू फल वाले की बताई जा रही है। तेज रफ्तार से हुई टक्कर के बाद बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।

गनीमत रही कि घटना के समय ठेलों के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। यदि बाजार में लोगों की आवाजाही होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। इस दुर्घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।

घटना के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय व्यापारियों ने क्षतिग्रस्त ठेलों एवं गोमतियों का सर्वे कर प्रभावित दुकानदारों को उचित मुआवजा दिलाने और आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Share:

Leave a Comment